अंडर 18 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट पर डीसीए सीधी का कब्ज

सीधी जबलपुर दर्पण । मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान एवं मार्गदर्शन में रीवा डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर 18 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट में डीसीए सीधी ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे प्रदेश में अपना लोहा मनवाया। इससे पहले सीधी ने अंडर 22 टूर्नामेंट का खिताब जीता था और अब लगातार दूसरा इंटर डिस्ट्रिक्ट खिताब पर कब्जा करते हुए सीधी ने अंडर 18 टूर्नामेंट में भी चैंपियन बनने का शानदार गौरव हासिल किया। टूर्नामेंट के तीनों दिन का खेल पूरी तरह सीधी के नियंत्रण में रहा। तीसरे दिन भी सीधी के खिलाडिय़ों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग हर विभाग में कमाल का प्रदर्शन करते हुए मैच को अपने पक्ष में मोडक़र जीत सुनिश्चित की। बल्लेबाजों की बड़ी पारियां, गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और फील्डरों का अनुशासित प्रदर्शन सीधी की जीत का असली आधार बना। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने संयम, तकनीक और बेहतरीन टीमवर्क का ऐसा मेल दिखाया कि विरोधी टीमें दबाव में आ गईं। मैच समाप्ति के बाद आयोजित सम्मान समारोह में डीसीए सीधी के सचिव, टीम के कप्तान और सभी खिलाडिय़ों को आयोजन समिति द्वारा विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। ट्रॉफी प्राप्त करते समय खिलाडिय़ों के चेहरे पर गर्व, आत्मविश्वास और जिले के लिए कुछ बड़ा कर दिखाने का जज्बा साफ दिखाई दे रहा था। यह जीत सिर्फ खिलाडिय़ों की नहीं बल्कि पूरे डीसीए मैनेजमेंट, कोचिंग स्टाफ, सहयोगी सदस्यों और जिले के सभी क्रिकेट प्रेमियों की जीत है। खिलाडिय़ों की अथक मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास और फिटनेस ने यह साबित किया कि डीसीए सीधी अब प्रदेश क्रिकेट में लगातार मजबूत पहचान बना रहा है। सतना ने भी पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया और उपविजेता बनकर सम्मान हासिल किया, लेकिन फाइनल में सीधी की प्रचंड क्रिकेट के सामने टिक नहीं सका। अंडर 22 के बाद अंडर 18 में लगातार खिताब जीतकर डीसीए सीधी ने मध्य प्रदेश क्रिकेट में नई ऊंचाई हासिल कर ली है और जिले के युवा खिलाडिय़ों के लिए यह प्रेरणा का ऐतिहासिक क्षण बन गया है। सीधी की इस दोहरी जीत से जिले में उत्साहए गर्व और जश्न का माहौल छाया हुआ है।



