रहस्य, रोमांच और हत्या से भरपूर फिल्म “अन्वेषण” 19 सितम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज़

मुम्बई जबलपुर दर्पण ।
महाशक्ति प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी थ्रिलर और रहस्य से भरपूर फिल्म “अन्वेषण” 19 सितम्बर को मुंबई सहित देश के अन्य हिस्सों में रिलीज़ होने जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन, संपादन और कहानी लेखन किया है मोहम्मद इस्माइल ने, जबकि निर्माता की भूमिका निभाई है बिजय कनोडिया ने। फिल्म की सिनेमेटोग्राफी की कमान संभाली है अभिषेक चट्टोपाध्याय ने और संगीतबद्ध किया है मशहूर संगीतकार मिलन-सुमन की जोड़ी ने। जावेद अली और अन्श्वेषा दत्ता गुप्ता की आवाज़ों ने संगीत को और भी मधुर बना दिया है।
कहानी की एक झलक
फिल्म की कहानी 6 बॉटनी (हॉर्टिकल्चर) के छात्रों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने प्रोजेक्ट के लिए एक शांत, हरियाली से घिरे झारखंड के एक दूरस्थ रिसॉर्ट में रिसर्च करने जाते हैं। सात दिन के इस रिसर्च ट्रिप में उन्हें रिसॉर्ट के माली, केयरटेकर और कुछ स्थानीय लोगों से मुलाकात होती है।पर कहानी में मोड़ तब आता है जब छात्रों के साथ एक-एक कर रहस्यमयी घटनाएं घटने लगती हैं और वे संदिग्ध हालात में गायब और मारे जाने लगते हैं। ये हत्याएं बेहद अनोखे और चौंकाने वाले तरीके से होती हैं — बिना किसी हथियार या रस्सी के इस्तेमाल के! आखिर कौन है कातिल? क्या है उसकी वजह? और कैसे हो रही हैं ये रहस्यमयी हत्याएं? इन सभी सवालों का जवाब मिलेगा फिल्म के क्लाइमेक्स में, जो दर्शकों को पूरी तरह चौंका देगा। कलाकार फिल्म में मुश्ताक खान, अजय कुमार सिंह, राजकुमार कनोड़िया, देबोश्री चक्रवर्ती, कैप्टन अरमान, रूपशा बनर्जी, चारवी, अंजलि वर्मा, जितेश आसीवाल, गर्गी कुंडू, छवि भारद्वाज और राहुल सिल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। “अन्वेषण” एक ऐसा सस्पेंस-थ्रिलर है जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा। प्रकृति, रिसर्च और मर्डर मिस्ट्री का ये अनोखा संगम सिनेमाघरों में देखने को मिलेगा 19 सितम्बर से।इस फिल्म के डीओपी अभिषेक चटर्जी, कोरियोग्राफ़र अनुराग मोहता, कला निर्देशक स्वरूप दास और कार्यकारी निर्माता तपस चट्टोपाध्याय हैं। “अन्वेषण” रहस्य, रोमांच और थ्रिल का अनोखा मिश्रण है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा। फिल्म का वितरण जेकेएस थर्ड आई पिक्चर्स द्वारा किया जा रहा है ।



