क्षेत्रों में शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने सतत निरीक्षण कि दरकार

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने सतत निरीक्षण कि दरकार है, ताकि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्था को पटरी पर लाई जा सके। शुक्रवार को ग्राम चाड़ा में सभी शासकीय कन्या आश्रम और छात्रावासों का विस्तृत निरीक्षण एसडीएम राम बाबू देवांगन ने किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने छात्रावासों की सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता सहित छात्राओं की शैक्षिक प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कई शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित पाए गए, जिन्होंने निरीक्षण दल को व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। निरीक्षण के बाद शासकीय कन्या आश्रम, चाड़ा में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन को लेकर अभिभावकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभिभावकों ने छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य सहित सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर अपने सुझाव साझा किए। एसडीएम ने अभिभावकों को एसएमसी की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया, साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिया। अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की और आश्रम की बेहतरी के लिए सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को जल्द दूर किया जाएगा और एसएमसी के गठन से छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित होगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि जिम्मेदार विभागीय अधिकारीयों द्वारा अगर इसी तरह से ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण किया जाए तो शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा सकता है।



