नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ कांग्रेस पार्षद दल का धरना प्रदर्शन

जबलपुर दर्पण । नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुड्डू नबी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि शहर में पीडब्ल्यूडी के कार्य बंद पड़े हैं, अधिकांश बोरिंग पिछले एक माह से चालू नहीं हैं, जिससे नागरिकों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गणेशोत्सव और ईद मिलाद-उन-नबी जैसे पर्वों के समय भी मूलभूत सुविधाएँ ठप्प हैं।कांग्रेस पार्षद दल का आरोप है कि ठेकेदारों के टर्मिनेशन के बाद कई संभागों की सफाई व्यवस्था ठप्प हो गई है और महापौर इस पर मौन साधे बैठे हैं। टैक्स की विसंगतियाँ, लीज-फ्री होल्ड व नामांतरण प्रकरणों का लंबित रहना भी नागरिकों को परेशान कर रहा है।पूर्व में कांग्रेस पार्षद दल ने चेतावनी दी थी कि 2 सितंबर तक कार्य शुरू नहीं हुए तो विरोध होगा। कार्य बहाल न होने पर आज दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक निगम मुख्यालय के सामने सांकेतिक धरना दिया गया।पार्षद दल ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र विकास कार्य शुरू नहीं हुए तो सभी 16 जोनों के सामने महापौर का पुतला दहन किया जाएगा।धरना प्रदर्शन में अमरीश मिश्रा, शगुफ्ता उस्मानी, रितु राजेश यादव, गुलाम हुसैन, अदिति अतुल बाजपेई, गार्गी रामकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पार्षद, पूर्व पार्षद और कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।


