काले कोट की आड़ में वातावरण दूषित करने वाले अधिवक्ताओं पर होगी कार्यवाही- सैनी

जबलपुर दर्पण। जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आरके सिंह सैनी ने अध्यक्ष पद का पदभार संभालते ही एक्शन मूड में आ गए हैं। पक्षकारों और जनमानस से मिली शिकायतों का निराकरण करते हुए, श्री सैनी ने ऐसे अधिवक्ताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है जो की, विधि व्यवसाय के अतिरिक्त अन्य क्रियाकलापो में संलग्न रहते हैं। वे अधिवक्ता सिर्फ विधि व्यवसाय में ही संलग्न रहे और किसी के विवादों व थानों में अनावश्यक रूप से हस्तक्षेप ना करें, उन्होंने अपने बयान में कहा कि जिला अधिवक्ता संघ को ऐसी कोई भी शिकायत प्राप्त होगी जिसका उस प्रकरण से अधिवक्ता का कोई सरोकार नहीं है, तो उस अधिवक्ता पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
श्री सैनी ने बताया कि कई अधिवक्ताओं व जनमानस से ऐसी भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, कि जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्तागण अनावश्यक रूप से कुछ बाहरी तत्वों को अपनी टेबलो के इर्द-गिर्द बैठा कर रखते हैं, जिससे न्यायालय परिसर का वातावरण दूषित हो रहा है। इसके साथ ही कई अधिवक्ता जनमानस को ब्याज पर पैसा देते हैं और फिर काले कोट की आड़ में ज्यादती करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ अधिवक्ता किसी के विवाद में जाकर अनावश्यक हस्तक्षेप करते हैं या मकान और प्लाट में कब्जा करके अधिवक्ता का बोर्ड लगाकर, काले कोट का दुरुपयोग कर रहे हैं। उनका यह कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायत आने पर उन अधिवक्ताओ पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।ऐसे अधिवक्ताओं को चिन्हित किया जा रहा है।
श्री सैनी ने विधि के ऐसे प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं जो कि जिला न्यायालय में न्यायालय कार्यवाही देखने व प्रशिक्षण लेने आते हैं, वे न्यायालयों में प्रवेश के पूर्व अपना आधार कार्ड अथवा विधि कॉलेज द्वारा जारी परिचय पत्र के साथ जिला अधिवक्ता संघ कार्यालय में अपना नाम दर्ज करवाने के उपरांत ही, अपने वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ न्यायालयों में जाने का आग्रह किया है।



