ग्राम पंचायत पाकर बघरॉ में तीन वर्ष से अधूरी पड़ी पानी की टंकी

जबलपुर दर्पण डिंडौरी। आदिवासी बाहुल्य जिले में शासन की अति महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन दम तोड़ते नजर आ रही है, जिसकी बानगी है जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पाकर बघर्रा जहाँ बीते तीन वर्षों से ग्राम में नलजल योजना के लिये पानी की टंकी का निर्माण शहडोल के ठेकेदार आर.के.पांडेय के द्वारा कराया जा रहा है, जो आज भी अधूरा पड़ा हुआ अपनी पूर्णता की बाट जोह रहा है, बावजूद इसके ग्राम के ग्रामीणों की इस समस्या से जिले के आला अधिकारियों को जरा भी सरोकार नहीं है, जिसके परिणाम स्वरूप उक्त ठेकेदार बीते तीन वर्षों से अपनी मनमानी पर उतारू है!
ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि हमारी ग्राम पंचायत पाकर बघर्रा में सन 2017-18 में नल जल योजना स्वीकृत हुई थी, जिसकी लागत राशि लगभग 67,00000 रुपए है, बताया गया कि जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत उक्त कार्य को ठेकेदार के द्वारा एक वर्ष के अंदर पूर्ण कराते हुए, लगभग 2 वर्षों तक पूरा मेंटेनेंस करते हुए योजना को चलाकर के, जल जीवन मिशन अंतर्गत बनाई गई समिति, तदर्थ एवं स्वच्छता समिति के सुपुर्द करना था, लेकिन उक्त ठेकेदार के द्वारा शासन के सारे नियमों को दरकिनार करते हुए, नल जल योजना का निर्माण कार्य पिछले 3 वर्षों से कछुए की चाल से करा रहा है।
मेरे द्वारा लगातार ठेकेदार को समझाइश दी जा रही है, परंतु उसके रवैये में कोई सुधार नहीं आ रहा है, बहुत जल्द ही ब्लैक लिस्टेड की कार्यवाही की जाएगी।
एस.डी.ओ, पी.एच.ई.
शिवम सिंहा



