विश्व कैंसर दिवस पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

जबलपुर दर्पण। पश्चिम मध्य रेलवे के चिकित्सा विभागों द्वारा विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। दिनांक 4 फरवरी 2022 को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडलों के रेलवे चिकित्सालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जबलपुर मंडल के स्वास्थ्य केंद्र नरसिंहपुर में प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन में विश्व कैंसर दिवस पर संविदा चिकित्सक डॉ. आरआर कुर्रे द्वारा रेलवे लाभार्थियों को संबोधन के माध्यम से कैंसर के लक्षणों व उसके बचाव से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। उक्त कार्यक्रम के दौरान कैंसर रोग से ग्रसित मरीजों के चिकित्सा परीक्षण भी किये गए। इस दौरान उन्होंने बताया कि बीमारी का पता चलते ही समय पर इलाज करने की सलाह दी गई । इसी प्रकार मण्डल रेल चिकित्सालय, भोपाल में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ . डीके सिसोदिया द्वारा उपस्थित मरीजों तथा परिजनों को कैंसर के विषय में बताया गया तथा लोगों के मन में कैंसर के प्रति भ्रांतियां एवं डर को दूर करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर रचना श्रीवास्तव द्वारा कैंसर होने के विभिन्न कारण , लक्षण तथा उपचार पर प्रकाश डाला गया। इसी दौरान सहायक नर्सिंग अधिकारी , भोपाल श्रीमती ललिता लाल द्वारा विश्व कैंसर दिवस 2022 की थीम क्लोज द केस गैप का व्याख्यान किया गया। इसके अतिरिक्त पश्चिम मध्य रेल के तीनों मण्डलों के स्वास्थ्य केंद्रों में भी विश्व कैंसर दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किये गए।



