डबल मर्डर का फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार

सीधी जबलपुर दर्पण । फरार 10 हजार के इनामी आरोपी को सीधी पुलिस ने गिरफ्तार सनसनीखेज डबल मर्डर प्रकरण का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रामपुर नैकिन निरीक्षक सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सनसनीखेज अंधी हत्या डबल मर्डर प्रकरण के फरार 10 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार दिनांक 7 अगस्त 2025 को सूचनाकर्ता प्रेमवती लोनिया पति सीताराम लोनिया उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम पटेहरा थाना रामपुर नैकिन द्वारा अपने पुत्र शेर बहादुर लोनिया उम्र 25 वर्ष एवं कृष्णा लोनिया उम्र 23 वर्ष के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। गुमशुदगी की जांच के दौरान दोनों युवकों के शव ग्राम बरदैला स्थित मढ़ावल नदी में मृत अवस्था में पाए गए। मर्ग जांच एवं पंचनामा कार्यवाही के उपरांत पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपीगणों के विरुद्ध धारा 103(1), 238)(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। जांच के दौरान पुलिस द्वारा आरोपियों रावेंद्र लोनिया, संजय बंसल, राजकुमार बंसल एवं राजू उर्फ मोहन बंसल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जबकि एक अन्य आरोपी अनिल उर्फ कैलाश उर्फ कैला लोनिया निवासी पटेहरा फरार चल रहा था। इस फरार आरोपी पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी द्वारा 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। लगातार निगरानी एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी के राजकोट सूरत गुजरात में छिपे होने की जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को 13 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रामपुर नैकिन निरीक्षक सुधांशु तिवारी, एएसआई रजनीश सिंह, प्रधान आरक्षक केशव सिंह, सैनिक शशिशेखर उपाध्याय थाना रामपुर नैकिन तथा साइबर सेल सीधी से आरक्षक प्रदीप मिश्रा एवं कृष्णमुरारी द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



