जनता चुनेगी महापौर,नगर पालिका व परिषद के अध्यक्ष को चुनेंगे पार्षद:अध्यादेश में लगी राज्यपाल की मुहर

जबलपुर दर्पण नप्र। मध्यप्रदेश में पंचायत एव नगरीय निकाय के चुनावों की स्थिति स्पष्ट हो गई है कि नगर निगम के महापौर को जनता चुनेगी,वही नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्ष को पार्षद चुनेंगे। राज्य सरकार के द्वारा भेजे गए अध्यादेश को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है। आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यपाल से इसी संबंध में मुलाकात की थी। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इसका गजट नोटिफिकेशन करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। वही पंचायत के चुनावों को लेकर आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग बसंत प्रताप सिंह ने जानकारी दी है कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतपत्रों के रंग निर्धारित हैं। पंच पद के लिए सफेद,सरपंच के लिए नीला, जनपद पंचायत सदस्य के लिए पीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा। गौरतलब है कि पंचायत निर्वाचन-2022 मतपत्र और मतपेटी के द्वारा करवाया जाएगा। पंचायत निर्वाचन 3 चरणों में संपन्न होगा।



