रहस्मय तरीके से गायब युवक की लाश मिली धार जिले पर्यटन स्थल मांडू में

जबलपुर दर्पण। गढा थाना क्षेत्र का रहने वाला 16 वर्षीय अतुल अपनी बहन-बहनोई के घर उनसे मिलने के लिए पीथमपुर गया था। पीथमपुर पहुंचने के बाद अतुल रहस्मय तरीके से गायब हो गया फिर 2 दिन बाद 13 जून को उसकी लाश धार जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मांडू के कांकड़ा की गहरी खाई मिली। परिजन अपने बच्चे को तलाशते रहे, उधर धार पुलिस ने शव को अज्ञात मानते हुए दफना दिया।
बच्चे की तलाश करते हुए परिजन धार जिले के मांडव थाना पहुंचे। बच्चे के कपड़े, फोटो और अन्य सामग्री को देखने के बाद अतुल की मां निर्मला मिश्रा ने मृतक की पहचान अपने बेटे के रूप में की। मां निर्मला ने आरोप लगाया कि उसके बेटे की हत्या कर खाई में फेंकी गई है। निर्मला ने कहा कि उसका दामाद, दामाद के पिता व बहन ने उसके बेटे की हत्या की है। धार पुलिस ने मामले की संपूर्ण जांच गढा पुलिस के सुपुर्द की है।
गढा पुलिस अतुल की हत्या के संदेह में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जबलपुर पहुंची है। संदेहियों से सघन पूछताछ चल रही है। गढा पुलिस जल्द ही मामले का पर्दाफाश करेगी। अतुल की मां निर्मला मिश्रा ने बताया कि 11 जून को बेटा अतुल जीजा अभिषेक मिश्रा निवासी पीथमपुर से मिलने के लिए घर गढा से निकला था। अभिषेक ने उसे मिलने के लिए बुलाया था।
अभिषेक मिश्रा ने हमारी बेटी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से अभिषेक और उसके परिजन दहेज की मांग कर परेशान करने लगे थे। हमारे परिवार ने दहेज देने से साफ इंकार कर दिया था, जिसका बदला लेने के लिए अभिषेक और उसके पिता, उसकी दोनों बहन और बहनोई ने सुनियोजित प्लान बनाकर बेटे की हत्या कर दी।
गढा थाना में गुमशुदगी दर्ज होने के बाद सूचना पर धार पुलिस के पास पहुंची मां निर्मला मिश्रा ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की फरियाद की।
पुलिस ने कब्र से निकाली लाश-
अज्ञात शव मानकर मांडव थाना की पुलिस ने अतुल की लाश को दफना दिया था। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने दस्तावेजी कार्रवाई करने के उपरांत अतुल की लाश को कब्र से निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। परिजन बेटे की लाश लेकर जबलपुर पहुंचे हैं। पीड़ित परिवार मृतक के जीजा अभिषेक मिश्रा पर हत्या का आरोप लगा रहा है।



