किसानों को वैज्ञानिकों से जोड़कर कृषि तकनीक से लाभान्वित किया जाये- कुलपति

कृषि विज्ञान केन्द्र, जबलपुर की 18वीं वैज्ञानिक परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न
जबलपुर दर्पण। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्र जबलपुर में कुलपति डाॅ. प्रदीप कुमार बिसेन के मुख्यआतिथ्य में 18 वीं वैज्ञानिक परामर्शदात्री समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यअतिथि कुलपति डाॅ. प्रदीप कुमार बिसेन ने कहा कि डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को वैज्ञानिको से जोड़कर लाभान्वित किया जाये, जिससे किसान जागरूक होकर अपनी खेती की पैदावार बढ़ा सके। कार्यक्रम में सर्वप्रथम केन्द्र की प्रमुख वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डाॅ. रश्मि शुक्ला द्वारा कार्य योजना का प्रस्तुतिकरण पाॅवर प्वाॅइंट के माध्यम से दिया गया। इसके साथ ही बैठक में सम्मिलित समस्त सदस्यों द्वारा सुझाव आमंत्रित किये गये। इस अवसर पर संचालक विस्तार सेवायें डाॅ. डी. पी. शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये कहा कि कृषि अभियांत्रिकीय विभाग के समन्वय से जिले में किसानों को फार्म मशीनरी के उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया जाये। कार्यक्रम के विशेष अतिथि कृषि अनुसंधान परिषद, अटारी निदेशक डाॅ. एस. आर. के. सिंह ने किसानों के साथ मिलकर जनभागीदारी के साथ बीज उत्पादन हेतु जागरूकता लाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डाॅ. डी.के. सिंह, डाॅ. ए. के. सिंह, डाॅ. यतिराज खरे, डाॅ. नीलू विश्वकर्मा, डाॅ. नितिन सिंघई, डाॅ. अक्षता तोमर, डाॅ. निहारिका शुक्ला, डाॅ. पूजा चतुर्वेदी एवं डाॅ. नेहा शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



