एकलव्य के छात्र नीरज का राज्य स्तर क्रिकेट में चयन

सीधी जबलपुर दर्पण । 69वीं शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 17 वर्षीय क्रिकेट संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश के सतना जिले में हुआ। जिसमें एकलव्य पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल हड़बड़ो के छात्र नीरज सिंह का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ज्ञात हो कि संभाग स्तर पर विशेष प्रदर्शन के वजह से यह उपलब्धि मिली है एवं जिले का नाम रोशन हुआ है। विगत 2 वर्षों में भी नीरज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर अपने राज्य मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था और संभाग, जिले एवं विद्यालय को गौरवान्वित किया था। छात्र द्वारा इस वर्ष भी इसी कड़ी में तीसरी बार मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद है। इस खेल में मार्गदर्शक के रूप में विद्यालय के खेल प्रशिक्षक अरविंद सिंह, रजनीश पाण्डेय, मुकेश मिश्रा तथा दिव्यराज सिंह की एवं छात्र के लगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विद्यालय के लगभग 40 छात्रों ने इस वर्ष अलग-अलग विधाओं में राज्य स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन किया है। छात्रों के इस प्रदर्शन में विद्यालय संचालक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह सहित समस्त विद्यालयीन परिवार एवं अभिभावकों द्वारा छात्रों को शुभकामनाएं दी गई।



