यूरिया की किल्लत से नाराज किसानों का प्रदर्शन
सतना जबलपुर दर्पण। सतना जिले के नागौद में मंगलवार को यूरिया की कमी से नाराज किसानों ने आज (गुरुवार) सतना-पन्ना हाईवे पर जाम लगा दिया। कृषि उपज मंडी परिसर स्थित खाद गोदाम में सुबह से सैकड़ों किसान यूरिया लेने पहुंचे थे। टोकन नहीं मिलने से नाराज होकर किसानों ने सड़क जाम कर दी। जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही एसडीएम नागौद जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार और थाना प्रभारी अशोक पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को जल्द टोकन दिलाने और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। आधे घंटे बाद किसान मान गए और यातायात बहाल हुआ।किसानों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल की है। वितरण केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं। एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया के अनुसार, इससे किसानों को लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टोकन नंबर डिस्प्ले होने पर किसान आकर खाद ले सकेंगे।इस पूरे मामले में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद सिंह ने कहा कि सभी किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाए,अन्यथा किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।



