सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी के 500 मेगावाट क्षमता के विद्युत गृह ने बनाया बिजली उत्पादन का नया रिकार्ड

जबलपुर दर्पण। मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी के विद्युत गृह क्रमांक 4 की 250-250 क्षमता की दो इकाईयों द्वारा माह दिसंबर 22 में 370.9 मिलियन यूनिट का रिकार्ड उत्पादन किया गया, जो विद्युत गृह क्रमांक चार की स्थापना के समय से किसी भी माह का अब तक का सर्वाधिक मासिक उत्पादन है। विद्युत गृह की इकाई क्रमांक 10 से 18 अगस्त 2013 और इकाई क्रमांक 11 से 16 मार्च 2014 को वाणिज्यिक उत्पादन प्रारंभ हुआ था। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे एवं मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी के विद्युत गृह क्रमांक 4 द्वारा कीर्तिमान हासिल करने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी के वि.गृ. क्रमांक 4 के समस्त अभियंताओं व कार्मिकों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी सारनी ताप विद्युत गृह बिजली उत्पादन के और भी कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में अग्रसर रहेगा ।



