स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लें युवा – विपिन ताम्रकार

जबलपुर दर्पण। स्वामी विवेकानंद जी की 160वी जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर साइबर सेल थाना प्रभारी श्री विपिन ताम्रकार जी का शांतम प्रज्ञा आश्रम नशा मुक्ति, मनो आरोग्य, दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में आगमन हुआ।
स्वामी विवेकानंद जी के तेलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजन कर कार्यक्रम का प्रारंभ किया। इस अवसर पर श्री ताम्रकार ने राष्ट्रीय युवा दिवस 2023 की थीम “विकसित युवा – विकसित भारत” के आधार पर युवाओं को राष्ट्रनिर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
शांतम प्रज्ञा आश्रम में उपचार ले रहे नशा पीड़ितों से संवाद करते हुए मुख्य अतिथि श्री विपिन ताम्रकार जी ने नशे के दुष्परिणामों के विषय में बताया श्री ताम्रकार जी ने कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है जो नशा पीड़ित को तो बीमार करती ही है साथ ही परिवार और समाज के लिए भी समस्या उत्पन्न करती है।
शराब ,गांजा, अफीम,ड्रग्स आदि मादक द्रव्यों के कारण मनुष्य पशु तुल्य हो जाता है।
स्वामी विवेकानंद जी के बारे में बताते हुए श्री ताम्रकार ने बताया कि स्वामी विवेकानंद को ऐसे महान पथ प्रदर्शक के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने भारत की सभ्यता, धर्म और संस्कृति को पूरे विश्व से रूबरू कराया। आज भी उनके महान विचार और मूल मंत्र युवाओं को देश औऱ समाज की स्थिति सुधारने और बदलाव लाने के लिए प्रेरित करते हैं। आज युवाओं को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करने की अति आवश्यकता है। अंत में मुख्य अतिथि श्री ताम्रकार द्वारा सभी नशा पीड़ितों को नशा मुक्त रहकर स्वस्थ जीवन जीने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
इस अवसर पर शांतम प्रज्ञा आश्रम के सदस्य रूपेश पिंटू पटेल ने अतिथि विपिन ताम्रकार जी को रामचरितमानस,श्रीफल,भगवा वस्त्र भेंट कर आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर सुनील पटेल,मुकेश कुमार सेन,अभिषेक कोरी,राकेश कुमार सेन,प्रवीण नामदेव,संतोष अहिरवार,चंचल गौतम,अजय सोनी आदि उपस्थित रहे।



