मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में जबलपुर अव्वल

जबलपुर दर्पण। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लम्बी छलांग लगाकर जबलपुर जिले ने जनवरी माह में अनूपपुर जिले के साथ प्रदेश में पहली रैंक प्राप्त की है। नेशनल हेल्थ मिशन द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े सभी आठ सूचकांकों की मॉनिटरिंग के बाद जारी की गई रैकिंग में जबलपुर और अलीराजपुर जिले को 56 अंक प्राप्त हुए हैं। इसके पहले माह दिसम्बर में जबलपुर जिले को आठवीं रैंक प्राप्त हुई थी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के अनुसार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत जिन आठ सूचकांकों के आधार पर जबलपुर जिले को प्रदेश में पहली रैंक प्राप्त हुई है, उनमें गर्भवती महिलाओं का प्रथम त्रैमास में पंजीयन, गर्भवती महिलाओं की चारों एएनसी जांच, रक्त अल्पता से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं उपचार प्रबंधन, गंभीर रूप से रक्त अल्पता से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन की व्यवस्था और उनका उपचार प्रबंधन, उच्च रक्तचाप से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं उपचार प्रबंधन, गर्भवती महिलाओं को प्रसव के बाद जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सहायता योजना का आर्थिक लाभ दिलाना शामिल है।



