खेलो इंडिया यूथ गेम्स ने दी खेलों के उत्साह को संजीवनी

मेजबान मध्यप्रदेश और बंगाल के बीच खेल प्रारंभ
जबलपुर दर्पण। खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आज रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य शुभारंभ हुआ । गेम्स की शुरुआत मेजबान मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच बालक वर्ग में खो-खो के मुकाबले से हुई । ज्ञात हो कि जबलपुर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में चार खेल खो-खो, तीरंदाजी, तलवारबाजी और रोड साइक्लिंग का आयोजन किया जा रहा है । इनमें खो-खो प्रतियोगिता की शुरुआत आज बालक वर्ग में मेजबान मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच खेले गये मैच से हुई। जबलपुर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभारम्भ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ जितेंद्र जामदार ने किया । इस अवसर पर कमिश्नर बी चंद्रशेखर, कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, जिला पंचायत सीईओ डॉ सलोनी सिडाना, भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। मैच की शुरुआत के पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुण्य तिथि पर दो मिनट का मौन रखा गया।



