नाली निर्माण के नाम पर जमीन की छपाई, कैसे होगा गांवों का विकास

मिलीभगत करके शासकीय राशियों का कैसे किया जा रहा बंटाधार।

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत शाहपुर पंचायत में नाली निर्माण के नाम पर किस तरह से भ्रष्टाचार किया गया, तस्वीरें खुद बयां कर रही है। गौरतलब है कि डिंडौरी जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत शाहपुर अपने लापरवाही व घटिया निर्माण कार्यो के चलते चर्चाओं में बना रहता है,पंचायत के जिम्मेदार नुमाईंदों की कार्यप्रणाली के आगे शासन के मापदण्ड बौने साबित हो रहे है।ताजा मामला मामला पंचायत के समीप कछवाहा मुहल्ला के पास स्थित स्मार्ट बाल शिक्षा केंद्र के पास बन रहे नाली निर्माण में सामने आया है, जहां केवल तस्वीरें देखकर ही मिलीभगत करके किए गए भ्रष्टाचार का अंदाजा लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि स्मार्ट बाल शिक्षा केन्द्र के मुख्य द्वार पर नाली का गंदा पानी जमा होता था,जिससे शिक्षा केन्द्र में आने वाले छोटे छोटे बच्चों के साथ अन्य कार्यक्रमों में केन्द्र में आने वाली महिलाओं सहित स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, समस्या की मद्देनजर पक्की नाली का निर्माण कार्य करना जनहित में जरूरी हो गया था। लेकिन पंचायत के सरपंच,सचिव, उपयंत्री के द्वारा भ्रष्टाचार करते हुए जिस प्रकार से पक्की नाली का निर्माण कार्य कराया गया है, वह अपने आप ही की गई भ्रष्टाचार की पोल खोल रही है। नाली निर्माण कार्य देखकर सहजता से समझा जा सकता है कि शासन के मापदंडों को कितना पालन किया गया है। उल्लेखनीय है कि उक्त नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ करने के समय पंचायत समन्वयक भी मौजूद थे, लेकिन उन्होने भी कार्य की डिजाइन और गुडवत्ता पर गौर नहीं किया, एक तरफ शासन प्रशासन द्वारा स्मार्ट शिक्षा केन्द्रो को सर्वसुविधायुक्त बनाने लाखों की राशि खर्च कर रही है, ताकि शिक्षा केन्द्र में आने वाले बच्चों का अच्छी तरह से मानसिक विकाश हो सक, वहीं दूसरी ओर पंचायत के जिम्मेदार शासन प्रशासन की महत्वकांक्षी योजनाओं पर पलीता लगाने पर तुले हुए हैं।




