जबलपुर के 21 अवैध कॉलोनियों को वैध करने का मप्र शासन द्वारा लिया गया निर्णय सांसद राकेश सिंह

जबलपुर दर्पण । प्रदेश के सभी नगरों, महानगरों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और सौगात का दिन रहा, क्योंकि बहुप्रतिक्षित मॉंग को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा मंजूरी देकर आज प्रदेश भर के 1122 अवैध कॉलोनियों को वैध करने का निर्णय ही नहीं बल्की वैध कर नियमितिकरण संबंधी प्रमाण-पत्र वितरण के साथ विकास शुल्क जमा करने से भी राहत प्रदान की है, इससे प्रदेश भर के नागरिकों के साथ-साथ संस्कारधानी के हजारों नागरिकों को भी सीधा लाभ मिला है।भोपाल मुख्य समारोह से प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अवैध से वैध की गई कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों से वर्चुअल संवाद करते हुए कहा कि सरकार के पास अद्योसंरचना एवं विकास कार्य के लिए कोई धन की कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि अवैध का जो कलंक हमारे रहवासियों के माथे पर लगा था उसको मिटाने का आज ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मुख्य समारोह के मंच से यह भी घोषणा की कि 2022 तक की सभी चिन्हित अवैध कॉलोनियों को प्रक्रिया के तहत् वैध किया जायेगा और अब आसानी से लोग अपने अपने घरों का नक्शा पास करा सकेगें तथा वैध और विकसित कॉलोनियों में रहने की सुविधायें और सम्मान पा सकेगें। उन्होंने मंच से यह भी कहा कि अब अधिकारी कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि कोई एक भी कहीं पर भी अवैध कॉलोनी विकसित न हो और अवैध बिल्डरों, कॉलोनाईजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और संस्कारधानी में सांसद राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, सुशील तिवारी इन्दू, अध्यक्ष रिंकू विज, नेताप्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल आदि ने रहवासियों को नियमितिकरण के पत्र सौंपे।
भोपाल में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण नगर निगम जबलपुर के द्वारा भी आज मानस भवन में सुबह 11 बजे किया गया।इस अवसर पर जबलपुर के सांसद राकेश सिंह ने उपस्थित सभी रहवासियों को इस बड़ी उपलब्धी और सौगात के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि आज का दिन प्रदेश वासियों के साथ-साथ संस्कारधानी वासियों के लिए स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाने वाला दिवस है। पूरे प्रदेश में 1122 और संस्कारधानी की 21 अवैध कॉलोनियों को आज प्रथम चरण में वैध कर वहॉं पर बुनियादी सुविधाओं का रास्ता साफ कर दिया है।
आज के इस वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शहर के गणमान्यजन, नागरिकों, अधिकारियों कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में रहवासीगण भी शामिल हुए।इस अवसर पर नगर निगम के अध्यक्ष रिंकू विज, नेताप्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, पार्षद श्रीमती मधुवाला सिंह, श्रीमती अर्चना सिसोदिया, सोनिया रंजीत सिंह, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, जितेन्द्र उर्फ जित्तू कटारे, राहुल साहू, पूर्व एम.आई.सी. सदस्य श्रीराम शुक्ला, निगमायुक्त स्वप्निल वानखड़े आदि उपस्थित रहे।



