जिला स्तरीय रोजगार कैरियर मेले का होगा आयोजन

जबलपुर दर्पण । म प्र सरकार बेरोजगारी के समाधान की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन, योजना, उच्च शिक्षा विभाग के द्वारा जिला स्तरीय कैरियर अवसर एवं रोजगार मेला प्रत्येक जिले में आयोजित किया जा रहा है। जबलपुर जिले में 12 वीं पास एवं उच्च शिक्षा स्तर के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तर पर वृहत रोजगार एवं करियर अवसर मेले का आयोजन सिविल लाईन्स स्थित शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के प्रेक्षाप्रशाल में दिनांक 26 मई शुक्रवार 2023 को प्रात: 10 बजे पंजीयन के साथ प्रारंभ होगा। मेले का उद्घाटन कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी के करकमलों से प्रातः: 11 बजे संपन्न होगा । प्लेसमेंट ड्राइव के साथ उद्यमिता चेतना, स्टार्टअप योजना एवं शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली योजनाओं की जानकारी और स्वरोजगार की दिशा में भी जागरूकता प्रदान की जाएगी। दिव्यांग युवाओं हेतु विशेष रोजगार अवसर प्रदान किए जाएंगे। 12 वीं पास विद्यार्थियों का नई शिक्षा प्रणाली (एनईपी 20) इन्क्यूबेशन सेंटर, इंटर्नशिप से संबंधित समस्त जिज्ञासाओं का समुचित समाधान भी होगा। मेले में लगभग 25 कंपनियों (प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर) के आने की सूचना प्राप्त हो चुकी है। विशेषकर अंतर्राष्ट्रीय मिलेटस वर्ष 2023 के अंतर्गत स्टार्टअप की जानकारी हेतु स्टॉलका आयोजन किया जाएगा। अन्य कंपनियों से भी बातचीत निरंतर हैं। अत: कंपनियों की भागीदारी की संख्या बढ़ने की संभावना है। सभी जिले के रोजगार की आकांक्षा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अवसर है जिसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील महाविद्यालय परिवार एवं महाविद्यालय जनभागीदारी समिति द्वारा की गई है ।



