भाजपा-कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता हुए इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी में शामिल

जबलपुर दर्पण। मध्य प्रदेश में दिसम्बर माह में होने जा रहे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नवगठित इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी ने कमर कस ली है। पूरे मध्य प्रदेश में जोरों-शोरों से प्रत्याशी चयन महाअभियान चलाया जा रहा है। प्रत्याशी चयन महाअभियान 27 जून से 3 जुलाई तक जारी रहेगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से संभावित प्रत्याशी बड़ी संख्या में जबलपुर स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंच रहे हैं। इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. पुरूषोत्तम तिवारी ने बताया कि भोपाल, ग्वालियर, इंदौर सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों से संभावित प्रत्याशी बनने के इच्छुक कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय के सम्पर्क में हैं। और वे तय तारीख में आकर मुलाकात कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में ऐसे प्रत्याशियों को टिकट देगी, जो मध्य प्रदेश के विकास के साथ ही बेरोजगारी व भुखमरी के खिलाफ सतत संघर्ष कर सकें। पार्टी मुख्यालय पहुंच रहे संभावित प्रत्याशियों में अधिकांश युवा हैं, जो कि मध्य प्रदेश की दशा और दिशा बदलने का माद्दा रखते हैं। पं. पुरूषोत्तम तिवारी के अनुसार, इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जिसका मुख्यालय राजधानी की बजाए जबलपुर में है। इससे संभावित प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं को मुख्यालय पहुंचने में आसानी हो रही है। इससे पार्टी का सम्मान भी बढ़ रहा है और लोग राजधानी जाने की झिझक से भी बच रहे हैं। संभावित प्रत्याशियों के चयन महाअभियान में खासा प्रतिसाद मिल रहा है और अलग-अलग तारीख पर अलग-अलग जिलों से लोग पहुंच रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. पुरूषोत्तम तिवारी ने यह भी बताया कि कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी सहित अन्य दलों से भी लोग बड़ी संख्या में इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उनका मानना है कि पिछले कई सालों में उन पार्टियों से जुड़े होने के बाद भी कांग्रेस-भाजपा में उन्हें मामूली कार्यकर्ता की हैसियत से ही देखा जाता है, जबकि इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी ने खुलेआम ऐलान कर दिया है कि कोई भी कार्यकर्ता सीधे इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी की टिकट से सीधे विधानसभा का चुनाव लड़ सकता है। यहां छोटे-बड़े, अमीर-गरीब व जाति-धर्म का भेद नहीं किया जा रहा है, जो व्यक्ति अपने विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस-भाजपा के उम्मीदवारों को टक्कर देना चाहता है वह सीधे इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी से जुड़कर चुनावी रण में उतर सकते हैं। पं. पुरूषोत्तम तिवारी ने बताया कि इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी युवाओं की पहली पसंद बन गई है और इसे मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी प्रदेश के सभी 230 विधानसभा सीटों से अपना प्रत्याशी खड़ा करने जा रही हैं।
इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी में शामिल हुए कांग्रेस-भाजपा-सपा नेता
इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं में भाजयुमो के मंडल उपाध्यक्ष संजीव प्रजापति, भाजपा नेता निर्मल यादव के अलावा कांग्रेस से ब्लॉक अध्यक्ष रहे बंटी रघुवंशी, कांग्रेस से पूर्व जिला महामंत्री जगभान सिंह राजपूत, पूर्व मीडिया प्रभारी दुर्गेश डडोरे, पूर्व विधानसभा प्रभारी अनिकेत धाकड़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. उमर फारूकुर्रहमान व समाजवादी पार्टी के पूर्व सचिव मोहम्मद तलत खान शामिल हैं।



