दिव्य श्रीमद भागवत कथा का आयोजन आज से

जबलपुर दर्पण। संस्कारधानी की पावन धर्म धरा पर सदैव ही धर्म और आध्यात्म के आयोजनों का क्रम अनवरत जारी रहता है, परन्तु कुछ आयोजन विशेष होते हैं। ऐसा ही एक आयोजन पितृ पक्ष के पुनीत अवसर पर श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रीदेवीजी धर्म आध्यात्म मानव सेवा संस्थान व भागवत प्रेमी जनों के संयुक्त तत्वावधान में ये अति पावन आयोजन 11 सितंबर से 18 सितंबर के मध्य आयोजित किया जाएगा। सामुदायिक भवन, मुख्य मार्ग गोकलपुर परिसर में आयोजित श्रीमद भागवत कथा की व्यासपीठ पर सुविख्यात कथाव्यास पूज्यनीय प्रियदर्शिनी दीदी विराजमान होंगी। कथा वाचन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक किया जाएगा। प्राचीनतम मान्यता है कि पितृ पक्ष में श्रीमद भागवत कथा के श्रवण से पितरों को सद्गति व श्रवण करने वालों को दोषों से मुक्ति प्राप्त होती है। मुख्य कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व 11 सितंबर को दोपहर 1 बजे गोकलपुर स्थित खेरमाई मन्दिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में कलश धारण किये हुए मातृशक्ति के साथ आकर्षक झांकी दृष्टव्य होगी। इसी क्रम में शोभायात्रा के समापन पर भजन-कीर्तन होंगे और कथा व्यास प्रियदर्शिनी दीदी सम्बोधन देंगी।



