जबलपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली की गूँज लंदन तक


जबलपुर दर्पण। संस्कारधानी के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों को लंदन स्कूल ऑफ इकोनामिक्स में काफी सराहा गया है। इस संबंध में निगमायुक्त स्वप्निल वानखड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 से 15 जुलाई तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश से एकमात्र शहर जबलपुर से शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान जबलपुर की उपलब्धियों की तस्वीरों और तथ्यों के जरिए अपनी बात रखी गई। जिसमें बस में लाइब्रेरी, स्मार्ट आंगनवाड़ी, वैक्सीनेशन सेंटर और उद्यानों में बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों के लिए किए गए कार्यों को सुविधा की दृष्टि से बेहतर माना गया।
निगमायुक्त स्वप्निल वानखड़े, स्मार्ट सिटी सी.ई.ओ. चन्द्रप्रताप गोहल, और सहायक आयुक्त संभव अयाची ने प्रशिक्षण के दौरान विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 देशों के दस शहर हुए शामिल जिसमें भारत, अमेरिका, ब्राजील, मैक्सीको, आइरलैंड, जोर्डन, पोलेंड, ग्रीक, कोसोवो के नाम शामिल थे।
टॉप 10 शहरों में चुना गया जबलपुर का नाम
श्री वानखड़े ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा चलाये जा रहे नरचरिंग, नेबरहुड चैलेंज के अंतर्गत जबलपुर स्मार्ट सिटी ने शहर के उद्यान, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य उपचार केंद्र आदि में कई प्रकार के विकास कार्य कराए हैं। इस चैलेंज का मुख्य उद्देश्य 5 साल तक के बच्चों, वृद्धों और बच्चों व बृद्धों की सहायता करने वालों के किए ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां वे सुरक्षित महसूस कर आसानी से खेल-कूद सकें। स्मार्ट सिटी को इस कार्य के लिए देश के टाप 10 शहरों में चुना गया है। अभी तक ऐसा बेहतर समन्वय का काम दुनिया मे सिर्फ़ एनसतानबुल शहर मे देखने को मिल रहा है । वही विश्व के दूसरे देश इस कार्यक्रम को अपने अपने देश मे करेंगे लिए प्रयासरत हैं।
सभी 79 वार्डो में व्यवस्थित पार्क उपलब्ध कराने रहेगी कोशिश
प्रशिक्षण से लौटे आयुक्त स्वप्निल वानखड़े और सीईओ चंद्र प्रताप गोहत् ने बताया कि इस प्रशिक्षण में जबलपुर स्मार्ट सिटी के प्रयासों को सराहा गया। लंदन के अर्बन 95 के तत्वावधान में आयोजित हुए इस सेमिनार में मनमोहन नगर, दमोहनाका, क्षेत्रों के उद्यान, अनुपयोग बस में लाइब्रेरी, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गो के लिए किए गये प्रयासों को सराहा गया। इस सेमिनार में शामिल होने के लिए बेंगलुरू, हैदराबाद जैसे देश के 12 से ज्यादा शहरों और 120 देशों ने चार महीने तक ऑनलाइन प्रस्तुति दी थी। इसमें चयन सिर्फ जबलपुर का हुआ। श्री वानखड़े ने कहा कि नगर निगम के सभी 79 वार्डो में एक-एक व्यवस्थित पार्क बनाकर क्षेत्रीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएॅं उपलब्ध कराने की शीघ्र कोशिश की जायेगी।
कोरोना काल मे बच्चों और बुजुर्गो के लिए की गई विशेष सुविधाओं को मिली खूब सराहना
निगमायुक्त एवं सीईओ चंद्र प्रताप गोहल ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्को और बस स्टैण्ड जैसे स्थानों पर सुविधाएॅं मिले, इस प्रशिक्षण का यही उद्देश्य था। स्कूलों से निकलकर बच्चों, आसानी से चल सके इस पर विदेशों से आए विशेषज्ञों ने अपनी बात रखते हुए बताया कि बच्चों एवं बुजुर्गो की खुशी और उत्तम स्वास्थ्य के लिए की गई व्यवस्था से प्रसन्न होकर प्रशिक्षण में आये हुए सभी विशेषज्ञों ने सराहना की।



