दिखा रहा था देसी कट्टा, चली गोली, युवक गंभीर

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के बम्हनी गांव में बुधवार शाम दो दोस्तों के बीच देसी कट्टा दिखाने के दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद से ही आरोपी युवक फरार है। मिली जानकारी के अनुसार सेमरिया थाना अंतर्गत बम्हनी गांव निवासी शिवम पाण्डेय उम्र 26 वर्ष बुधवार शाम को देसी कट्टे को लेकर अपने दोस्त दिव्यांशु मिश्रा उम्र 27 वर्ष के घर पहुंचा। शिवम ने दिव्यांशु को कट्टा दिखाया। दिव्यांशु ने जब कट्टा हाथ में लिया वह अचानक चल गया। कट्टे में पहले से गोली लोड थी जो सीधे दिव्यांशु के पैर में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दिव्यांशु मिश्रा को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने उसे गंभीर स्थिति में भर्ती किया है। डॉक्टरों ने बताया कि घायल की स्थिति गंभीर जरूर है लेकिन नियंत्रण में है।
इनका कहना है
दोनों युवक आपस में दोस्त हैं। कट्टा गलती से चल गया। अब यह पता लगाया जा रहा है कि देसी कट्टा शिवम पाण्डेय को कहां से और कैसे मिला। घटना के बाद से ही आरोपी युवक फरार है। वहीं पुलिस अब आरोपी शिवम पाण्डेय की तलाश् ा कर रही है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार किसी अवैध सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा तो नहीं है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आशुतोष द्विवेदी, एसडीओपी चुरहट



