नगर निगम की विकास योजनाओं में आएगी गति : ’टीम वर्क’ और ’लक्ष्य’ पर निगमायुक्त का विशेष जोर

जबलपुर दर्पण । नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कड़े तेवर अपना लिए हैं। आज समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि निगम के सभी विभागों को ’टीम वर्क’ की भावना से काम करना होगा और निर्धारित ’लक्ष्य’ को समय सीमा के भीतर हासिल करना होगा।
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी कि बकाया करों की वसूली के लिए फील्ड में प्रतिदिन जाएॅं और करदाताओं से सम्पर्क स्थापित करते हुए समस्त बकाया करों की राशि जमा कराएॅं, साथ ही मकानों एवं प्रतिष्ठानों की वास्तविक स्थितियों की जानकारी से डिमांड को अपडेट करते रहें। निगमायुक्त ने सर्वे के कार्यो में भी तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और तालाबंदी जैसी कठोर कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया और कहा कि अब राजस्व वसूली अभियान की समीक्षा प्रतिदिन 9 बजे से की जायेगी।
राजस्व के साथ स्वच्छता और हितग्राही मूलक योजनाएॅं की है प्राथमिकता- राजस्व वसूली अभियान की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों से कहा कि उनकी राजस्व के साथ-साथ स्वच्छता और हितग्राही मूलक योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कोई अधिकारी या राजस्व अमला, स्वास्थ्य विभाग का अमला, फील्ड पर सुबह से लेकर शाम तक मौजूद रहें और आपसी समन्वय बनाकर कार्यो को परिणाम तक पहुॅंचाएॅं।
निगमायुक्त ने स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण और सड़कों की सफाई में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए शिविर लगाने और लंबित आवेदनों का तत्काल निराकरण करने के आदेश दिए।
बैठक के अंत में निगमायुक्त ने राजस्व, स्वास्थ्य, जल, उद्यान, स्थापना, विधि और अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूर्ण ईमानदारी और गंभीरता के साथ पूर्ण करें, फील्ड में कार्य करें। उन्होंने राजस्व वसूली स्वच्छ सर्वेक्षण और शासकीय योजनाओं के कार्यो के साथ-साथ अद्योसंरचना एवं विकास कार्यो पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिये।



