बेड से ब्लड तक के बंदोबस्त के लिए संघ कार्यकर्ता प्रतिबद्ध

उमरिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और सेवा भारती द्वारा कोरोना पीड़ित परिवारों की मदद के लिए जिला चिकित्सालय के सामने सहायता केंद्र आरंभ किया गया है । जहां पर जरूरतमंदों को समुचित मार्गदर्शन देने के साथ ही मास्क भोजन और पीने के पानी जैसी बुनियादी आवश्यकताओं की आपूर्ति की जा रही है । संघ और सेवा भारती से जुड़े कार्यकर्ता यहां पर बारी-बारी से अपनी सेवाएं देते हैं । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख मान सिंह ने बताया कि संघ द्वारा इसी तरह के सहायता केंद्र जिले के नौरोजाबाद, बिरसिंहपुरपाली, चंदिया, मानपुर, अमरपुर, में भी संचालित किए गए हैं ।
कोरोना कर्फ्यू के दौरान अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों को छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है खासकर भोजन व पीने के पानी जैसी आवश्यकताओं के लिए भी वे दर-दर की ठोकरें खाते हैं । मरीज को तो हॉस्पिटल से खाना मिल जाता है किंतु रोगी की तीमारदारी के लिए उसके साथ आने वाले परिजनों को खाने-पीने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है । खाने पीने की होटल लॉकडाउन के कारण बंद है इसलिए पैसे देकर भी वे चीजें खरीद नहीं सकते । इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए संघ एवं सेवा भारती ने सहायता केंद्रों की शुरुआत की है । जो कम से कम 18 घंटे खुले रहते हैं और लगातार सेवा देते हैं । जो डॉक्टर से लेकर दवाई तक और बेड से लेकर ब्लड तक का इंतजाम करने में जुटे हुए हैं ।
मान सिंह बताते हैं कि सेवा कार्यकर्ता के दौरान कई बार कार्यकर्ताओं को रोगियों के संपर्क में आना पड़ता है इसलिए वे कार्यकर्ताओं की सेहत को लेकर के भी चिंतित हैं और कोशिश करते हैं कि सभी कार्यकर्ता कोविड गाइडलाइन के अनुसार मास्क और सैनिटाइजर का प्रॉपर इस्तेमाल करें । कार्यालय को भी हम रोज सैनिटाइज कराते हैं ताकि वहां से किसी प्रकार का संक्रमण न फैले । इस पुनीत कार्य में समय और संसाधन देने के लिए लोग स्वप्रेरणा से आगे आ रहे हैं ।
हमारे सहायता केंद्र से मेडिकल उपकरण भी रियायती दर पर लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं । कुछ दिनों पहले तक यह खबर थी कि मेडिकल उपकरणों की कालाबाजारी की जा रही है और उनके लिए मरीजों से 3 गुने 4 गुने तक दाम वसूले जा रहे हैं , इस स्थिति से निपटने के लिए सहायता केंद्र के जरिए हमने मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराना शुरू किया है । सहायता केंद्र के जरिये हर तरह से मरीज और उसके परिजनों को मदद देने की कोशिश की जा रही है ।



