कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न

502 पीसीसी डेलीगेटों में से 464 ने पीसीसी में किया मतदान
जबलपुर दर्पण नप्र। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। मतदान सुबह 10 बजे से प्रारंभ होकर शाम 4 बजे तक चला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मतदान प्रक्रिया प्रारंभ होते ही मतदान किया। यह जानकारी अभा कांग्रेस संगठन के प्रदेश निर्वाचन अधिकारी आर.सी.खुंटिया ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। पत्रकार वार्ता के दौरान श्री चक्रवर्ती शर्मा,क्रांति शुक्ला और तरूण त्यागी भी उपस्थित थे।श्री खुंटिया ने कहा कि मप्र में कुल 502 प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि (पीसीसी डेलीगेट) हैं, इनमें से 464 डेलीगेट ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अपने मताधिकार का उपयोग किया। 12 डेलीगेट ने अनुमति प्राप्त कर अन्य स्थानों पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं 26 डेलीगेट ने वोट नहीं डाला। अन्य राज्यों से पीआरओ,एपीआरओ और डीआरओ के रूप में मध्यप्रदेश आये सात डेलीगेट ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। श्री खुंटिया ने बताया कि कांग्रेस संगठन का यह चुनाव मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच हुआ है। श्री खड़गे की ओर से अशोक सिंह,जे.पी. धनोपिया,महेन्द्र सिंह और अजय चौरड़िया पोलिंग एजेंट थे, जबकि श्री थरूर की ओर से राजकुमार सिंह,संतोष सिंह परिहार,जितेन्द्र मिश्रा और अर्जुन शर्मा पोलिंग एजेंट थे।श्री खुंटिया ने बताया कि जिन पीसीसी डेलीगेट ने अनुमति लेकर अन्य स्थानों पर मतदान किया उनमें दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, सुश्री मीनाक्षी नटराजन,वीरेन्द्र द्विवेदी, राजेन्द्र मिश्रा,नीलांशु चतुर्वेदी, सत्यनारायण पटेल,हरपाल ठाकुर,प्रतापभानु शर्मा,उमेश शर्मा, श्रीमती शोभा ओझा, सुश्री प्रतिभा रघुवंशी शामिल हैं।श्री खुंटिया ने मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि मतपेटियां सील कर दी गई हैं और मतगणना के लिए अभा कांग्रेस कमेटी के कार्यालय दिल्ली भेजी जा रही है।




