50 किलोमीटर की जगह 200 मीटर लंबे फीडर से मिलेगी बिजली

जबलपुर दर्पण। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने मंडला जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्र बिछिया में 15.2 करोड़ की लागत से 132 के.व्ही. सबस्टेशन और 27 करोड़ लागत से 132 केवी मंडला -बिछिया डबल सर्किट डबल स्ट्रिंगिंग लाइन स्थापित कर कुल 42.2 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मंडला जिले की पारेषण क्षमता को मजबूती प्रदान की है। गत दिवस 132 के व्ही की 44 किलोमीटर लाइन और 50 एम.व्ही.ए. क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के साथ नये 132 के.व्ही. सबस्टेशन बिछिया को ऊर्जीकृत किया गया। इस सबस्टेशन के निर्माण से क्षेत्र के 316 गांवों के करीब 40 हजार विद्युत उपभोक्ताओं को अब उचित वोल्टेज की गुणवत्तापूर्ण विद्युत न्यूनतम व्यवधान के साथ मिल सकेगी। बिछिया मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी का 407 वें नंबर का अति उच्चदाब सबस्टेशन है। प्रदेश में 132 के.व्ही. के 307, 220 के.व्ही. के 86 तथा 400 के.व्ही. के 14 सबस्टेशन संचालित है|



