राशन कार्ड के नाम पर ठगी और आउटसोर्स कर्मचारियों के भुगतान में अनियमितता की जांच की मांग, कांग्रेस पार्षद दल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जबलपुर दर्पण । राशन कार्ड बनाने के नाम पर आम नागरिकों से हो रही कथित ठगी और सरकारी विभागों में आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के वेतन एवं पीएफ में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर नगर कांग्रेस पार्षद दल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी (गुड्डू नबी) एवं सचेतक अयोध्या तिवारी ने बताया कि जबलपुर जिले के लोक सेवा केंद्रों पर नए राशन कार्ड के आवेदन लिए जा रहे हैं, लेकिन बाद में एसडीएम कार्यालयों द्वारा यह कहते हुए आवेदन निरस्त कर दिए जाते हैं कि केवल एक सदस्य वाले परिवार या 70 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों के ही राशन कार्ड बनाए जाएंगे। स्पष्ट एवं सार्वजनिक दिशा-निर्देशों के अभाव में आम नागरिक भ्रमित हो रहे हैं और आवेदन शुल्क सहित अन्य खर्च करने के बावजूद आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इसी भ्रम का फायदा उठाकर कुछ लोग राशन कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि राशन कार्ड बनाने की पात्रता और नियमों को सार्वजनिक किया जाए, लोक सेवा केंद्रों को केवल पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकार करने के निर्देश दिए जाएं तथा यदि नए राशन कार्डों पर किसी प्रकार की रोक या विशेष पात्रता लागू है तो इसकी जानकारी सभी केंद्रों पर प्रदर्शित कराई जाए। साथ ही राशन कार्ड के नाम पर हो रही ठगी पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पात्र नागरिकों के राशन कार्ड शीघ्र बनाए जाएं।
ज्ञापन में आउटसोर्स कर्मचारियों के भुगतान और भविष्य निधि (पीएफ) में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस पार्षद दल ने आरोप लगाया कि निजी एजेंसियों के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित वेतन नहीं दिया जा रहा है तथा पीएफ राशि में भी धोखाधड़ी की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि जिन विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं ली जा रही हैं, वहां एजेंसियों को भुगतान करने से पहले कर्मचारियों के वेतन भुगतान और पीएफ संबंधी अभिलेखों की जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी (गुड्डू नबी), सचेतक अयोध्या तिवारी, पार्षद संतोष दुबे पंडा, अरुणा संजय साहू, वकील अहमद अंसारी, मुकीमा याकूब अंसारी, रितु राजेश यादव, अख्तर अंसारी, गार्गी रामकुमार यादव, प्रमोद पटेल, राकेश पांडे, कलीम खान, सतेन्द्र चौबे, हर्षित यादव एवं लक्ष्मी लक्ष्मण गोंटिया सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



