साहित्यकार सूर्य कांत त्रिपाठी ‘निराला’ जी की जयंती पर कटनी स्टेशन पर भव्य काव्य-गोष्ठी सम्पन्न

जबलपुर दर्पण। कटनी स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वाधान में हिंदी साहित्य जगत के महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ जी की जयंती पर एक भव्य काव्यगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के आरंभ में स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति, कटनी जं.के अध्यक्ष संजय दुबे, मुख्य अतिथि सागर से पधारे वरिष्ठ कवि बृन्दावन राय ‘सरल’ व राजभाषा विभाग के प्रतिनिधि किशोर कुमार साहू ने महाकवि निराला जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। ततपश्चात प्रमोद भट्ट ‘नीलांचल’ ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। राजभाषा विभाग से किशोर कुमार साहू ने महाकवि निराला जी के जीवन-परिचय सहित व्यक्तित्व-कृतित्व, पुरस्कार व रचनाओं पर वक्तव्य दिया। उपरांत कार्यक्रम के सभी आमंत्रित कवियों में सागर से मुख्य अतिथि के रूप में पधारे वरिष्ठ कवि बृन्दावन राय ‘सरल’ का स्वागत शॉल-श्रीफल, सम्मान पत्र व साहित्यिक पुस्तक के माध्यम से समिति अध्यक्ष संजय दुबे, राजभाषा प्रतिनिधि किशोर कुमार साहू द्वारा किया गया। ततपश्चात स्थानीय कवि जनाब साहिल शाहजहांपुरी, गोपाल गुमसुम, श्रीमती अर्चना सोनी, डॉ.राजेश प्रखर, मकसूद खान नियाज़ी, जितेंद्र पटवा ‘नीरस’, चन्द्रकिशोर ‘चंदन’, प्रमोद भट्ट ‘नीलांचल’, रविंद्र रवि’, पंडित रामनरेश विद्यार्थी’ , श्रीमती अंकिता प्यासी, दीपक सोनी ‘मृदुल’, आदि का सम्मान पत्र, मोतियों की माला, अंग वस्त्र, श्रीफल तथा साहित्यिक पुस्तक आदि के द्वारा सम्मान किया गया। कवि गोष्ठी का संचालन वरिष्ठ कवि गोपाल ‘गुमसुम’ ने किया।



