लोकायुक्त की बड़ी कार्यवाही ,पुलिस उप निरीक्षक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

कटनी जबलपुर दर्पण । लोकायुक्त संगठन ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए सिवनी जिले में पदस्थ पुलिस चौकी प्रभारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर जबलपुर लोकायुक्त इकाई द्वारा की गई। आवेदक महेश राय, निवासी ग्राम समनापुर, पोस्ट डोकररांजी, पुलिस चौकी पलारी, जिला सिवनी ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर को शिकायत देकर बताया कि दिनांक 7 मई 2025 को उसके ट्रैक्टर (क्रमांक MP 22 AB 4308) से दुर्घटनावश गांव की एक महिला, नर्मदा मरावी को पैर में चोट लग गई। इस घटना को लेकर पलारी चौकी में मामला दर्ज किया गया। आवेदक का आरोप था कि चौकी प्रभारी कार्यवाहक उप निरीक्षक राजेश कुमार शर्मा द्वारा मामला कमजोर करने के एवज में ₹15,000 की रिश्वत की मांग की गई। शिकायत के सत्यापन के बाद आज 11 जून को आरोपी को ₹6,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।लोकायुक्त की टीम ने पलारी पुलिस चौकी, थाना केवलारी, जिला सिवनी में यह कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी राजेश कुमार शर्मा ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(B), 13(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। भ्रष्टाचार के मामलों में लोकायुक्त का यह सक्रिय अभियान लगातार जारी है। पुलिस महानिदेशक (लोकायुक्त) योगेश देशमुख ने सभी इकाइयों को निर्देशित किया है कि भ्रष्टाचार की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।



