बीच रोड से गायब हो गए सीवर लाइन के ढक्कन : आयोग ने लिया संज्ञान

जबलपुर दर्पण । शहर की सड़कें अब जानलेवा हो गई हैं। उपनगरीय क्षेत्र गढ़ा में तो कई ऐसे मार्ग है, जहां पर सीवर चेंबर तो कहीं पाइप लाइन बिछाने के लिए गड्डा खोद दिया जाता है। सबसे बुरे हालात सीवर चेंबरों के हैं। कई जगह तो ये खुले पड़े हैं, तो कुछ जगह इनके ढक्कनों में से लोहे के तार गायब हो गए हैं। इससे वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। दिन में तो वाहन चालक इन खतरों को देख लेते हैं, लेकिन रात के समय गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि, समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के आधार पर जनहित में मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की मुख्य पीठ भोपाल में प्रकरण की सुनवाई करते हुए, सदस्य राजीव कुमार टण्डन की एकलपीठ ने मानव अधिकारों के उल्लंघन का मामला मानकर, जबलपुर के कलेक्टर एवं नगर निगम के आयुक्त से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।



