शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में छात्रों की भौतिक उपस्थिति के साथ पठन-पाठन की प्रक्रिया आरंभ

अनूपपुर से विकास ताम्रकार की खबर
अनूपपुर। जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री पी.एन. चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया है कि प्रदेश में शिक्षण सत्र 2021-22 के लिए 26 जुलाई 2021 से शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की भौतिक उपस्थिति के साथ पठन पाठन की प्रक्रिया आरंभ की गई है। कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए राज्य शासन द्वारा समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देश में कहा गया है कि प्रदेश के समस्त शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक, हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी विद्यालय में शैक्षणिक तथा गैर शैक्षणिक स्टाफ शत-प्रतिशत उपस्थित होंगे। शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के समस्त शिक्षकों-कर्मचारियों का प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन कराया जाए। वैक्सीनेशन की कार्यवाही अभियान के रूप में एक नियत समय-सीमा में पूर्ण की जाए। पालक के लिखित सहमति से विद्यार्थी विद्यालय में उपस्थित होंगे। 26 जुलाई 2021 से कक्षा 11 वीं एवं 12 वीं कक्षा सप्ताह में 02 दिन संचालित होंगे। 12 वीं कक्षा सोमवार एवं गुरूवार तथा 11 वीं कक्षा मंगलवार एवं शुक्रवार को संचालित होगी। विद्यालय में यह कक्षाएं 50 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति के साथ संचालित होगी। कक्षा 10 वीं का संचालन बुधवार तथा कक्षा 9 वीं का संचालन शनिवार को होगा। ऑनलाईन कक्षाओं का संचालन भी जारी रहेगा।
निर्देश में कहा गया है कि विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों को इस रीति से विद्यालय में आमंत्रित कर सकेगा कि विद्यालय की आधारभूत संरचना के अनुसार कक्षा में विद्यार्थियों को बैठने की कुल क्षमता के 50 प्रतिशत से अधिक न हो। संस्था प्रमुख विद्यालय की क्षमता अनुसार आवश्यक निर्णय लेंगे ताकि कोविड-19 हेतु नियत प्रोटोकॉल का पालन किया जा सके। विद्यालय में प्रार्थना सभा, स्विमिंग पूल इत्यादि सामूहिक गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगे। आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग भोपाल द्वारा विभागीय सीनियर छात्रावास खोलने हेतु दिशा निर्देश जारी किए गए हैं जिसमें कहा गया है कि प्रत्येक छात्रावास में पृथक से एक क्वारंटाइन रूम अनिवार्यतः बनाया जाए। कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास 9 अगस्त 2021 से कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत 2 गज दूरी का पालन करते हुए शयन व्यवस्था की जावे। साथ ही निर्देशित किया गया है कि छात्रावासों के अधीक्षक तथा कार्यरत समस्त कर्मचारी का टीकाकरण अनिवार्य होगा। छात्रावास के सेनेटाईजेशन एवं बाथरूम इत्यादि के साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कोविड-19 के गाईड लाईन का पालन करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से छात्रावास अधीक्षक, अधीक्षिकाओं का प्रशिक्षण कराने व छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराए जाने, प्रत्येक छात्रावास को उनके निकटतम पीएचसी, सीएचसी, एसएचसी एवं अन्य शासकीय चिकित्सालयों के साथ मैप्ड किए जाने एवं वहां के चिकित्सक का मोबाइल नम्बर छात्रावास के सूचना पटल पर लिखे जाने, शासन द्वारा समय-समय पर जारी किए गए स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी एसओपी/गाईड लाईन का पालन अनिवार्य तय करने के निर्देश दिए गए हैं। जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त ने प्राचार्यों को समस्त स्टॉफ का कोविड-19 टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि निर्देश का पालन ना करने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने शासन निर्देशानुसार रेण्डम कोविड-19 का टेस्ट कराने के निर्देश का पालन भी सुनिश्चित करने को कहा है।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना एवं जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री पी.एन. चतुर्वेदी ने विद्यालयों एवं छात्रावासों में छात्रों की वांछित उपस्थिति के लिए पालकों को प्रोत्साहित करने व उनसे लिखित सहमति संस्था प्राचार्य एवं छात्रावास अधीक्षक को उपलब्ध कराते हुए विद्यालय के संचालन एवं छात्रों के पठन-पाठन को सुचारू रूप से किए जाने में सहयोग करने की अपील की गई है।



