विक्टोरिया अस्पताल से लाखों का तांबा चोरी

जबलपुर दर्पण । जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल में देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। चोर अस्पताल के ऑक्सीजन सिलेंडर कक्ष से लाखों रुपए मूल्य का तांबा उखाड़कर ले गए। इस संबंध में क्षेत्रीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कांग्रेस नेता विष्णु विनोदिया ने घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि विक्टोरिया अस्पताल में आए दिन चोरी की घटनाएं घट रही हैं। पर्स, मोबाइल, घड़ी जैसी कीमती वस्तुओं की चोरी यहां आम बात बन चुकी है, जिससे मरीज और परिजन असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लचर है। रात के समय पुलिस चौकी बंद रहती है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। विनोदिया ने प्रशासन से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ करने की मांग की। चोरी की इस घटना ने विक्टोरिया अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।



