बगासपुर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने की मची होड़

गोटेगांव जबलपुर दर्पण । गोटेगांव तहसील क्षेत्र के अंतर्गत सरकारी जमीनों और तालाब पर अतिक्रमण करने का सिलसिला बना हुआ है। ऐसे स्थलों को अतिक्रमण के मुक्त नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण हर जगह पर अतिक्रमण करने वालों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। ग्राम पंचायत बगासपुर में सरकारी जमीन बहुत हैं इस जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के हौंसले इतने अधिक बुलंद हैं कि ग्राम पंचायत के विरोध करने के बाद भी कई लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा करके पक्के आवासों का निर्माण ऐसे स्थल पर कर रखा है। जहां पर एक समय मुरम की खदान थी।इस खदान के सामने मेन रोड पर अतिक्रमण करके पक्का आवास बिना किसी की स्वीकृति के निर्मित कर लिया गया। इसका कोई विरोध जाहिर नहीं करे, इसके लिए ऐसे आवासों पर तो करने वालों ने राजनीतिक धौस का उपयोग किया गया है। इतना ही नहीं बगासपुर में अन्य स्थलों पर भी सरकारी जमीन पर बिना स्वीकृति के कई आवासों का निर्माण हुआ है। वहीं कुछ लोग झाड़ियों आदि बना कर अतिक्रमण करने की फिराक में लगें हुए हैं।राजस्व विभाग के द्वारा सरकारी जमीन पर होने वाले अतिक्रमण की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जाता है जिसके कारण अतिक्रमण करने वालों के हौंसले बुलंद होते रहते हैं। यदि बगासपुर ग्राम पंचायत में निर्मित किए गए खदानो के पास पक्के आवासों की सूक्ष्मता से जांच की जाती है तो ऐसे लोगों के पास किसी प्रकार की कोई स्वीकृति पट्टा आदि नहीं मिलेगा।



