शासकीय महाविद्यालय गढ़ा में अल्पावधि रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण का समापन

जबलपुर दर्पण । स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय गढ़ा में 25 अगस्त से 25 सितंबर 2025 तक आयोजित अल्पावधि रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण का समापन समारोह 25 सितंबर को संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. अरुण शुक्ल (संभागीय नोडल अधिकारी, स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना, जबलपुर) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “रोजगार-स्वरोजगार हेतु केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल भी आवश्यक है। कौशल विकास आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नवाचार का मार्ग प्रशस्त करता है। युवाओं का कौशल ही उनकी सफलता की कुंजी है।”प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को टाई एंड डाई तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न टाई एंड डाई उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसे अतिथियों और शिक्षकों ने सराहा। साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।प्रशिक्षण में जबलपुर की फैशन डिजाइनर एवं उद्यमी श्रीमती लीना झिंगानी ने प्रशिक्षक के रूप में योगदान दिया। विद्यार्थियों को ब्लॉक प्रिंटिंग, स्क्रीन प्रिंटिंग एवं बंदनी की बारीकियों का प्रशिक्षण भी दिया गया।कार्यक्रम का संचालन और आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. स्वाति मिश्रा (टी.पी.ओ.) कार्यक्रम प्रभारी रहीं। आयोजन में विवेक चौबे (क्रीड़ा अधिकारी), डॉ. प्रतिभा उरमालिया (समिति सदस्य), डॉ. सोनमती विश्वकर्मा, डॉ. रीना सोनी, डॉ. रंजना जैन एवं डॉ. पायल श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा।छात्र-छात्राओं ने अपने रचनात्मक कार्यों के माध्यम से स्वरोजगार की दिशा में उत्साहवर्धक पहल की, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगारोन्मुखी अवसर प्राप्त होंगे।



