बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के कम्बाईन हार्वेस्टरों के जिले में प्रवेश पर लगी रोक हटी
जबलपुर दर्पण । भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामदास पटेल व प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि सभी तहसील के किसानों व हार्वेस्टर मालिकों ने भारतीय किसान संघ को अवगत कराया था कि जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के कारण हार्वेस्टर जिले की सीमा में कार्यवाही के डर से आने में कतरा रहे हैं। साथ ही किसानों का कहना था कि यदि समय पर पर्याप्त हार्वेस्टर नहीं आए तो धान की कटाई प्रभावित होगी। जिलाध्यक्ष श्री पटेल ने कहा कि बिगड़ते मौसम के बाद किसानों व हार्वेस्टर मालिकों की समस्या से कृषि विभाग के अधिकारियों व जिला कलेक्टर को जानकारी देकर तत्काल मांग की गई कि किसान हित में फसल कटाई में इस्तेमाल किये जाने वाले कम्बाइंड हार्वेस्टरों को स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगाये बिना जिले में प्रवेश की लगाई गई रोक को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। किसान संघ की मांग पर
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड द्वारा आदेश जारी किया गया जिसमें कहा गया है कि बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगे कम्बाइंड हार्वेस्टर जिले के भीतर प्रवेश कर सकेंगे। इस आदेश से जिले की सीमा पर स्थित टोल नाकों के प्रबंधकों को भी अवगत करा दिया गया है तथा उन्हें बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगे कम्बाइंड हार्वेस्टरों को जिले के भीतर प्रवेश देने के निर्देश दिये गये हैं। जिला प्रशासन द्वारा किसान हित में लिए गए इस निर्णय का भारतीय किसान संघ ने स्वागत करते हुए आभार जताया है।



