स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

जबलपुर दर्पण । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी अग्रणी महाविद्यालय, जबलपुर में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना एवं ओमेगा हॉस्पिटल, हैदराबाद (जबलपुर शाखा) के संयुक्त तत्वावधान में “स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. पीयूष जैन, कैंसर रोग विशेषज्ञ, ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की तेज रफ्तार और तनावपूर्ण जीवनशैली में तनाव, असंतुलित खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता और प्रदूषण जैसी वजहों से स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, मोटापा और हृदय रोग जैसी बीमारियां अब उम्र नहीं बल्कि जीवनशैली से जुड़ गई हैं, इसलिए स्वास्थ्य जागरूकता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
प्रो. अरुण शुक्ल, संभागीय समन्वयक, स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना, जबलपुर संभाग ने अपने उद्बोधन में कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से ही व्यक्ति अपने स्वास्थ्य को सुदृढ़ रख सकता है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ व्यक्ति ही सशक्त समाज का निर्माण करता है।”
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता केवल व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक सदस्य को अपने आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. शिवचंद्र वल्के, डॉ. महेन्द्र कुमार कुशवाहा, डॉ. तरुणेन्द्र साकेत सहित लगभग 128 विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक प्रो. अरुण शुक्ल द्वारा किया गया।



