बाल दिवस एवं विश्व मधुमेह दिवस पर शिक्षा इंस्टीट्यूट मझौली में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

जबलपुर दर्पण मझौली । आज 14 नवम्बर 2025 को बाल दिवस एवं विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षा इंस्टीट्यूट मझौली में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. राघवेंद्र त्रिपाठी (कैंसर नोडल अधिकारी एवं मानसिक स्वस्थ मन कक्ष प्रभारी, सिविल हॉस्पिटल सिहोरा) उपस्थित रहे।
डॉ. त्रिपाठी ने बच्चों को मधुमेह के कारण, लक्षण, रोकथाम, तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही खानपान, नियमित व्यायाम और समय-समय पर की जाने वाली स्वास्थ्य जांच मधुमेह से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय हैं।
साथ ही उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सत्र लेते हुए बताया कि मानसिक रोगों की पहचान, उनके प्रभाव और उनसे बचाव के लिए मन को संतुलित एवं सकारात्मक रखना अत्यंत आवश्यक है। बच्चों को तनाव प्रबंधन, नशीले पदार्थों से दूरी और जीवन में सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने की सलाह दी गई।
इसके अलावा, डॉ. त्रिपाठी ने कैंसर से बचाव हेतु संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू एवं नशे से दूरी और समय पर स्वास्थ्य परीक्षण की अनिवार्यता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही उज्ज्वल भविष्य की सशक्त नींव है।”
कार्यक्रम में शिक्षा इंस्टीट्यूट मझौली के संचालक आशीष पटेल, एडवोकेट सूर्यभान सिंह, रामजी सिंह, राजकुमार सेन सहित संस्थान का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।
जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ाना और उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना था।


