सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा में किसानों को जीएसटी सरलीकरण से हुये लाभ पर रखी अपनी बात

छिन्दवाड़ा जबलपुर दर्पण । सांसद बंटी विवेक साहू लोकसभा में देश के ज्वलिंत मुद्दों पर लगातार अपनी बात रख रहे है। जिसका जवाब केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा दिया जा रहा हैं। शुक्रवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा में किसानों को जीएसटी सरलीकरण का पूरा लाभ दिलाने को लेकर अपनी बात रखी। सांसद ने उर्वरकों और अन्य कृषि आदानों पर लगने वाले जीएसटी को लेकर भी प्रश्न किया।
सांसद श्री साहू ने कहा कि माननीय अध्यक्ष जी में सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बहुत आभार व्यक्त करना चाहता हूं। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करना है। इसी संकल्प के तहत रसायन एवं उर्वरको में जीएसटी की दर कम करने का कार्य प्रधानमंत्री द्वारा कार्य किया गया है। वहीं उर्वरकों और कच्चे माल पर लगने वाले जीएसटी को लेकर भी अपनी बात लोकसभा में रखी। उर्वरकों एवं कच्चें माल पर जीएसटी को लेकर सांसद श्री साहू द्वारा किए गए प्रश्न का उत्तर केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा ने दिया।
सांसद श्री साहू ने कहा कि मैं केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा से जनना चाहूंगा कि उर्वरकों एवं कच्चे माल पर पांच प्रतिशत जीएसटी लागू किए जाने से अमोनियम, फास्फेट, एनपीके, कॉम्पलेक्स तथा म्यूरेट ऑफ पोटाश एमओपी की उत्पादन लागत में अनुमानित कितने प्रतिशत की कमी आई है। उक्त लागत में हुई कमी में से कितना लाभ मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा मध्यप्रदेश के छिन्दवाड़ा एवं आदिवासी जिलों के छोटे एवं सीमांत किसानों को हस्तांतरित किया जाएगा।
साथ ही सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि सभापति महोदय मैं केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा से यह जानना चाहता हूं कि अनुदानित उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अवैध प्रचलन को रोकने हेतु सरकार द्वारा कौन-कौन से ठोस उपाय किए गए हैं, ताकि हालिया जीएसटी सरलीकरण का पूरा लाभ किसानों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जीएसटी सरलीकरण, नैनो यूरिया तथा नैनो डीएपी के व्यापक प्रसार के संयुक्त प्रभाव से वर्ष 2030 तक रासायनिक उर्वरकों की खपत तथा उर्वरक आयात व्यय में अनुमानित कितनी कमी आने का प्रक्षेपण है।
सांसद के प्रश्न पर केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा ने दिया जवाब
सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि जैव- कीटनाशकों पर जीएसटी दर को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने से किसानों की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी और सतत एवं पर्यावरण- अनुकूल खेती को बढ़ावा मिलेगा। केन्द्रीय मंत्री के जवाब पर सांसद बंटी विवेक साहू ने पुनः पूछा कि क्या सरकार यह स्पष्ट करेगी कि इस कर-कटौती से छोटे एवं सीमांत किसानों को प्रत्यक्ष लाभ सुनिश्चित करने हेतु कौन-कौन से विशेष कदम उठाए जा रहे है।
सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा पूछे गए इस प्रश्न का उत्तर देते हुए केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि उर्वरक एवं कृषि आदानों पर जीएसटी दर में कमी करने से असल उत्पादन लागत घटेगी और किसानों की आय बढ़गी। उन्होंने कहा की सूक्ष्म पोषक उर्वरकों पर जीएसटी दर कम होने से किसानों की प्रति एकड़ खेती की लागत कम हुई है। जिससे उनकों काफी वित्तीय राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि जीएसटी की दर कम होने से किसानों को धान में प्रति एकड़ 140 रूपये, गन्ने में प्रति एकड़ 199 रूपये, आलू में प्रति एकड़ 446 रूपये और गेंहू में प्रति एकड़ 146 रूपये की बजत होगी। केन्द्रीय मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि ट्रैक्टरों एवं अन्य कृषि मशीनरीं पर जीएसटी दर को 12-18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने से ट्रैक्टरों और अन्य कृषि मशीनरी की कीमतों में 5-13 प्रतिशत की कमी आएगी।



