फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज’

फिट इंडिया थीम पर हो रहे विविध आयोजन
मण्डला। लॉकडाउन से अब तक प्रदेश के समस्त स्कूल बंद हैं, बच्चों की शारीरिक गतिविधियां बंद हैं, ऐसे में उनके वजन बढ़ने को मद्देनजर स्कूलों में फिट इंडिया थीम पर आधारित ‘फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस संबंध में जिले के सभी विकासखंडों में कार्यरत युवा समन्वयको को कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा निर्देश जारी कर दिये गये है। फिट इंडिया एप के माध्यम से फिटनेस का मूल्यांकन करते हुए एप का अलग से शुभारंभ हो गया है। 1 से 31 दिसंबर तक फिट इंडिया स्कूल सप्ताह का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें विद्यालय फिट इंडिया के पोर्टल पर अपने विद्यालय का प्राचार्य रजिस्ट्रेशन अपनी सुविधानुसार कर रहे है। फिट इंडिया क्विज स्पर्धा का आयोजन भी आगामी दिवसों में किया जायेगा।
पांच किमी साइकिल रैली का हुआ आयोजन
खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंडला के जिला खेल अधिकारी रविंद्र ठाकुर के निर्देशानुसार मंडला जिला मुख्यालय में प्रत्येक विकासखंडों में सायकल रैली का आयोजन ग्रामीण युवा समन्वयकों के नेतृत्व में फिट इंडिया कैंपेन के तहत पांच किमी साइकिलिंग रैली का आयोजन किया गया। कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए सभी बच्चों को सैनिटाइजर से हाथ साफ कराया गया। विकासखंड नारायण गंज में बच्चों, युवा साथियों एवं ग्रामीणजनों के साथ यह रैली गांवों से भ्रमण करते हुए। हर गांव में नुक्कड़ सभा के माध्यम से लोगों को फिटनेस की उपयोगिता के बारे में बताया गया। ब्लॉक युवा समन्वयक शशांक मिश्रा ने नुक्कड़ सभा के माध्यम से यह संदेश दिया की आओ अपना दिन फिटनेस की डोज के साथ शुरू करें। आओ जरा सेहत बनाए सब मिलकर साइकिल चलाए। फिटनेस को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाए एवं भारत को स्वस्थ दिशा की ओर लेकर जाए। अपनी दैनिक दिनचर्या में योग, व्यायाम, खेल गतिविधि को अनिवार्य रूप से शामिल कीजिए। इससे शरीर स्वास्थ्य तो उत्तम होगा साथ ही मानसिक स्वास्थ्य भी सर्वोत्तम होगा। जिससे नवीन ऊर्जा का संचार और शांति प्राप्त होगी। वहीं विकासखंड बीजाडांडी एवं मवई में सेहत को दे दो कुछ पल आओ मिलकर चलाए साइकिल मैं फिट तो इंडिया फिट ना बाइक भली, ना कार भली, सेहत कहती है साइकिल भली, नारों की गूंज के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। विकासखंड मोहगांव निवास में खिलाड़ियों ने पैदल रैली कर लोगों को फिट रहने का संदेश दिया।



