संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई

जबलपुर दर्पण । श्री कुरील समाज सेवा समिति, सदर के तत्वावधान में संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सदर बाजार क्षेत्र में भव्य संत शोभायात्रा निकाली गई, जो क्षेत्र की प्रमुख गलियों से होकर गुजरी।शोभायात्रा में सात देवियों की झांकी, अघोरी नृत्य तथा राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। चल समारोह में लगभग 400 महिला एवं पुरुषों ने सहभागिता कर आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया।संध्या काल में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में रंगारंग एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम के दौरान समाज के 50 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सामाजिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अशोक रोहाणी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विजय आनंद कुरील ने की। विशेष रूप से शारदा कुरील, अजय कुरील, दिलीप मोहनलाल कुरील, ओमप्रकाश कुरील, विश्वजीत कुरील, शीला कुरील, रजनी कुरील एवं स्वदेश कमलाकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से संत श्री रविदास जी महाराज के समता, सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।



