नगर निगम ने जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से मंडी मदार टेकरी में की अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्यवाही

जबलपुर दर्पण । शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम के द्वारा लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जा रही है। आज भी निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार, जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से मंडी मदार टेकरी से बहोराबाग तक सघन अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया।
कार्रवाई के संबंध में अपर आयुक्त अरविंद शाह एवं अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि आज कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अमले के साथ हनुमानताल, घमापुर और यातायात थाने का भारी पुलिस बल तैनात रहा। दुकानों के बाहर निकले हुए अवैध हिस्सों को तोड़ा गया और फुटपाथ पर रखे सामान को जब्त भी किया गया। सड़क पर बाधा बन रहे ठेले, टपरों और लावारिस खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से जब्त किया गया। कछपुरा क्षेत्र में भी एक पुराने अनधिकृत अतिक्रमण को माननीय न्यायालय के आदेशानुसार पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मंडी मदार टेकरी क्षेत्र में लंबे समय से यातायात बाधित होने की शिकायतें मिल रही थीं। व्यापारियों द्वारा फुटपाथ पर सामान फैलाकर विक्रय किया जा रहा था, जिससे आम नागरिकों का पैदल चलना भी दूभर हो गया था। आज की कार्रवाई से मार्ग पूरी तरह खुल गया है और आवागमन सुगम हुआ है।
“अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि यदि दोबारा सड़क पर कब्जा किया गया, तो न केवल सामान जब्त होगा बल्कि उन पर भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।“
रात में भी जारी रहेगी निगरानी– निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है। रात्रिकालीन अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि रात के समय सड़कों पर खड़े होने वाले वाहनों और ठेलों की वजह से जाम की स्थिति निर्मित न हो।
कार्रवाई के समय सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी अखिलेश सिंह भदौरिया, श्रीमती एकता रघुवंशी तथा
सहायक परिवहन एवं यातायात प्रबंधन अधिकारी दीपेंद्र सिंह रावत, दल प्रभारी एवं कर्मचारीगण लक्षण कोरी, नदीम खान, जोसफ प्रवीण, अंकित पारस, वीरेंद्र मिश्रा, कुलदीप त्रिपाठी, दुर्गा राव, अभिषेक समुद्रे, ब्रज किशोर तिवारी एवं अन्य संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।



