जबलपुर दर्पण

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एनएसयूआई का जोरदार प्रदर्शन

लंबित परीक्षाओं एवं प्रशासनिक अव्यवस्था को लेकर कुलगुरु से इस्तीफे की मांग

जबलपुर दर्पण । भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जबलपुर के जिला अध्यक्ष सचिन रजक के नेतृत्व में सोमवार को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों एवं कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया। विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मांगों को लेकर एकत्रित छात्रों ने कुलगुरु कार्यालय के समक्ष नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया तथा। कुलगुरु जब ऑफिस से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद भी जब वह गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो कार्यकर्ता उनकी कार के सामने आकर खड़े हो गए। कुलगुरु पैदल ही विश्वविद्यालय से बाहर जाने लगे, तब भी कार्यकर्ताओं ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।

एनएसयूआई के कार्यकर्ता जब कुलगुरु प्रोफेसर राजेश वर्मा को रोककर उनसे बात करने का प्रयास कर रहे थे, तो पहली बार उन्होंने वहां से जाने का प्रयास किया और फिर कार्यकर्ताओं से बात की। इसके बाद जब दोबारा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका तो वह कर्मचारियों की बाइक में बैठकर जाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें जबरन रोकने की कोशिश की तो कुलगुरु नाराज होकर बाइक से उतर गए और कार्यकर्ताओं के सामने आ गए। इस दौरान छात्रों एवं कुलगुरु के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आज कुलगुरु को रोककर जब उनसे इस्तीफे की मांग की गई तो वह बिना गाड़ी के ही जाने लगे, तब कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरा। इसके बाद कुलगुरु अपने ऑफिस में चले गए, जहां कार्यकर्ता पीछा करते हुए पहुंच गए। प्रदर्शन के कारण प्रशासनिक भवन परिसर में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं छात्र एकत्रित हो गए।

जिलाध्यक्ष सचिन रजक ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुका है। एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम विगत आठ माह से लंबित है। सेमेस्टर परीक्षाएं निर्धारित समय पर आयोजित नहीं हो रहीं, जिससे संपूर्ण अकादमिक कैलेंडर प्रभावित हुआ है और छात्रों के उच्च शिक्षा प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा रोजगार अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अनेक पाठ्यक्रमों—जैसे एमबीए, एलएलबी, बीएससी, बीसीए आदि—के परिणाम महीनों तक घोषित नहीं किए गए। परीक्षा समय-सारिणी में बार-बार परिवर्तन, मूल्यांकन प्रक्रिया में त्रुटियां, अंक प्रविष्टि संबंधी शिकायतें तथा पुनर्मूल्यांकन में अत्यधिक देरी ने छात्रों को मानसिक तनाव की स्थिति में ला दिया है। परिणामों में देरी के कारण डिग्री वितरण भी प्रभावित हो रहा है।

संगठन ने डिग्री एवं अंकसूची वितरण में भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। एनएसयूआई के अनुसार विश्वविद्यालय में 1500 से अधिक डिग्रियां लंबित हैं, जबकि लगभग 1800 विद्यार्थियों द्वारा शुल्क जमा कराई गई अति-आवश्यक (अर्जेंट) डिग्रियां भी अब तक जारी नहीं की गई हैं। इसके अतिरिक्त सैकड़ों अंकसूचियां निर्धारित समय में उपलब्ध नहीं कराई गईं।

संगठन ने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रशासनिक कार्यशैली अव्यवस्थित है और इससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक साख को अपूरणीय क्षति पहुंच रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुलगुरु से संबंधित प्रकरण माननीय न्यायालय में लंबित है तथा विभिन्न छात्र संगठन भी विरोध दर्ज करा चुके हैं। ऐसे में नैतिक आधार पर कुलगुरु से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई ने पीएम-उषा योजना के अंतर्गत प्राप्त राशि के उपयोग पर भी प्रश्न उठाए। संगठन का आरोप है कि तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आवश्यक कंप्यूटर लैब, सॉफ्टवेयर एवं आधारभूत सुविधाएं विकसित नहीं की गईं, जबकि इसके लिए राशि उपलब्ध थी।

एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किए गए, अकादमिक कैलेंडर नियमित नहीं किया गया तथा छात्रों की मूलभूत शैक्षणिक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक कुलगुरु रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से इस्तीफा नहीं देते हैं, तब तक इस तरह का प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष सचिन रजक, राष्ट्रीय सचिव करन तामसेतवार, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित मिश्रा, नीलेश माहर, अपूर्व केशरवानी, सक्षम यादव, यश ,अभिनव मिश्रा, अभिषेक पटेल, पुष्पेन्द्र गौतम, अर्पित सोनकर, मो जिशान, हर्ष, आकाश सेन,विकास पटेल,अतुल चौधरी,करण सिंह ,दीपेश विश्वकर्मा,फैजल मंसूरी ,हाशिम मंसूरी,वेदांत श्रीवास्तव लाला,जय सूर्या मिश्रा,पीयूष राव ,वैभव गुप्ता,नरेन्द्र सेन ,जय श्रीवास ,हर्ष रेड्डी ,शुभम खटीक,अंश गुजराल सहित भारी संख्या मे छात्र उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page

situs nagatop

nagatop slot

kingbet188

slot gacor

SUKAWIN88