ग्राम पंचायत हटोली की गौशाला की दयनीय स्थिति, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

जबलपुर दर्पण मझौली। जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत हटोली में संचालित गौशाला की हालत इन दिनों अत्यंत दयनीय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार गौशाला में रखी गई गौमाताओं को पर्याप्त मात्रा में भूसा एवं चारे की व्यवस्था नहीं मिल पा रही है, जिससे उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई गायें भूख और अव्यवस्था के कारण मृत अवस्था में पड़ी मिली हैं, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
एक ओर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गौशालाओं को प्राथमिकता देते हुए गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर हटोली ग्राम पंचायत की गौशाला की वास्तविक स्थिति इन दावों पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित देखरेख, नियमित चारा आपूर्ति और चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जनपद प्रशासन से मांग की है कि गौशाला की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाए तथा गौमाताओं के लिए नियमित भोजन, स्वच्छ पानी और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी संवेदनशीलता से लेते हुए ठोस कदम उठाता है। क्षेत्रवासियों की निगाहें जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।



