20 साल से सड़क को तरसे बड़ा शारदा के ग्रामीण, कीचड़ और दलदल में जीने को मजबूर, प्रशासन से लगाई गुहार

मनीष श्रीवास जबलपुर दर्पण । सिहोरा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हरगढ़ के ग्राम बड़ा शारदा के ग्रामीण पिछले 20 वर्षों से सड़क सुविधा के अभाव में परेशान हैं। मूलभूत सुविधा से वंचित ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय सिहोरा पहुंचकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के नाम आवेदन प्रस्तुत कर सड़क निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि हरगढ़ मुख्य सड़क मार्ग से लगभग 4 किलोमीटर दूर स्थित बड़ा शारदा गांव तक पहुंचने के लिए आज भी कोई पक्का सड़क मार्ग उपलब्ध नहीं है। बरसात के मौसम में यह मार्ग कीचड़, दलदल और जलभराव से पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता है। ग्रामवासियों ने आवेदन पत्र के माध्यम से क्षेत्रीय विधायक, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सिहोरा तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मांग की है कि शीघ्र ही डामरीकरण सड़क का निर्माण कराया जाए। आवेदन ग्राम पंचायत हरगढ़ के सरपंच एवं सचिव के माध्यम से भी प्रस्तुत किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं और बीमार व्यक्तियों को होती है। आकस्मिक स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना बेहद कठिन हो जाता है, जिससे गंभीर खतरे की स्थिति बन जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि वे वर्षों से जनप्रतिनिधियों के समक्ष सड़क निर्माण की मांग उठाते आ रहे हैं, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। अब एक बार फिर उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है, ताकि ग्रामवासियों को बुनियादी सुविधा मिल सके।




