बड़वारा में 23-24 मई को लगेगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं

सतीश चौरसिया उमरियापान । क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह के सौजन्य से एवं आर पी फाउंडेशन के सहयोग से पीपुल्स हॉस्पिटल द्वारा 23 एवं 24 मई को विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है । यह शिविर सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़वारा जिला कटनी में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा । शिविर में उच्च स्तरीय मशीनों द्वारा मरीजों की विभिन्न प्रकार की जाँचें एवं निःशुल्क औषधि वितरण किया जाएगा । शिविर में डिजिटल एक्स-रे, ईको, ईसीजी, सोनोग्राफी, डायबिटीज जांच तथा सभी प्रकार की खून की जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी । इसके अलावा मेडिसिन, छाती एवं श्वास रोग, हड्डी रोग, हृदय रोग, चर्म रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, सर्जरी, नेत्र रोग, दंत रोग, नाक-कान-गला एवं कैंसर रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श दिया जाएगा । आयोजकों ने बताया कि शिविर में मरीजों की जांच एवं इलाज पूरी तरह निःशुल्क रहेगा । गंभीर रोगों एवं ऑपरेशन वाले मरीजों को चिन्हित कर भोपाल स्थित पीपुल्स हॉस्पिटल भेजा जाएगा, जहां आवास, भोजन, जांच एवं ऑपरेशन की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी । मरीजों से अपील की गई है कि वे अपने साथ आधार कार्ड या समग्र आईडी की छायाप्रति एवं पुरानी जांच रिपोर्ट अवश्य लेकर आएं । शिविर संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडल पदाधिकारियों एवं हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है ।



