सिलौंडी मुख्य बाजार और बस स्टैंड में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, ग्रामीण परेशान

सतीश चौरसिया उमरियापान । कटनी जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायतों में शामिल सिलौंडी ग्राम पंचायत आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है । क्षेत्रवासियों का कहना है कि 84 गांवों के मुख्यालय के रूप में पहचान रखने वाला सिलौंडी लगातार अव्यवस्थाओं के कारण पिछड़ता जा रहा है ।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र में प्रसाधन, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था और प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं । रोजाना आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग खरीदारी, बैंक और अन्य जरूरी कार्यों के लिए सिलौंडी पहुंचते हैं। वहीं बस स्टैंड में प्रतिदिन 20 से 30 बसों का आवागमन होता है, लेकिन यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधा नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सड़क किनारे धूप में खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है । बस स्टैंड में प्रसाधन नहीं होने के कारण महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है और कई बार शर्मिंदगी का सामना भी करना पड़ता है ।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते मुख्य बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है । बताया गया कि मुख्य बाजार की करीब 3 एकड़ शासकीय भूमि पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे आम लोगों के पैदल निकलने तक की जगह नहीं बची है । साप्ताहिक बाजार में व्यापारियों को सड़क पर दुकान लगाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है ।
बसों का सड़क पर खड़ा होकर सवारी भरना भी दुर्घटना की आशंका को बढ़ा रहा है । क्षेत्रवासियों ने बताया कि भोपाल स्तर तक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक मुख्य बस स्टैंड में एक प्रसाधन तक नहीं बन पाया है ।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सिलौंडी मुख्य बाजार और बस स्टैंड में जल्द से जल्द प्रसाधन, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके ।



