बड़ा पत्थर सब्जी मार्केट में शराब दुकान खोलने के विरोध में सौंपा ज्ञापन

जबलपुर दर्पण । बड़ा पत्थर सब्जी मार्केट क्षेत्र में शराब दुकान संचालित किए जाने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रांझी-खमरिया के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर, सहायक आबकारी आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बड़ा पत्थर-2 समूह की शराब दुकान को स्थानांतरित कर सब्जी मार्केट क्षेत्र में संचालित किया जा रहा है, जबकि यह स्थान पूर्व से संचालित शराब दुकान की 300 मीटर की परिधि के भीतर आता है। प्रतिनिधिमंडल ने इसे आबकारी नियमों के विपरीत बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र के रहवासी, व्यापारी एवं सामाजिक संगठन भी इस निर्णय का लगातार विरोध कर रहे हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सहायक आबकारी आयुक्त द्वारा निर्धारित परिक्षेत्र एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार शराब दुकान का संचालन निर्धारित क्षेत्र में ही किया जाना चाहिए, लेकिन वर्तमान में नियमों की अनदेखी कर अन्य स्थान पर दुकान संचालित की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियम विरुद्ध संचालित शराब दुकान को तत्काल हटाने तथा संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एडवोकेट राजेंद्र मिश्रा, राजेश यादव, आशुतोष वत्स, गौरैया यादव, मनोज लोधी, देवेंद्र लखेरा, अनिल सोनकर, सौरभ यादव, राहुल चौधरी, राजा राने, अशोक यादव, विनोद कुशवाहा, बंटी मारुति, कमलेश चौधरी, मोहन सिंह, अतुल डोंगरे, शुभम मोहित सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



