सेंट अंथोनी महापर्व का भव्य शुभारंभ जबलपुर में

जबलपुर दर्पण । जबलपुर डायसिस के अंतर्गत स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन महागिरजाघर सेंट पीटर एंड पॉल चर्च (सदर) में मंगलवार से सेंट अंथोनी का 13 दिवसीय महापर्व विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। इससे पूर्व महागिरजाघर में विशेष प्रार्थना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पर्व का शुभारंभ किया गया।
सेंट अंथोनी को खोई हुई वस्तुओं एवं भटके हुए व्यक्तियों की खोज के लिए विशेष रूप से पूजनीय संत माना जाता है। श्रद्धालुओं के अनुसार, अपने जीवनकाल में उन्होंने अपने प्रभावशाली उपदेशों और आस्था के माध्यम से अनेक लोगों को आध्यात्मिक रूप से प्रेरित किया, जिससे लोग ईश्वर की सेवा की ओर अग्रसर हुए।
आज आयोजित पवित्र मिस्सा बलिदान में जबलपुर डायसिस के प्रमुख डॉ. फादर डेविस जॉर्ज, पूर्व बिशप जेराल्ड अलमेडा तथा सहपल्ली पुरोहित फादर जॉन सुरेंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रार्थना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
यह 13 दिवसीय महापर्व आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों, प्रार्थनाओं एवं विशेष आराधनाओं के साथ श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया जाएगा।



